वाराणसी (हि.स.)। शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार में बुधवार तड़के 55 वर्षीय मूर्ति विक्रेता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों को घटना की जानकारी दिन चढ़ने पर हुई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मूर्ति विक्रेता व्यवसाय में घाटे से तनावग्रस्त चल रहा था।
गिलट बाजार निवासी रामजी सोनकर मूर्ति बनाने के साथ बेचने का कार्य भी करता था। मूर्तियों के फुटकर व्यवसाय में अपेक्षाकृत बिक्री न होने और बढ़ते खर्चो से परेशान रामजी ने भोर में अपने गमछे के सहारे छत पर बने कमरे के कुंडी से फांसी लगा ली। सुबह देर तक नही उठने पर परिजनों ने शंका में कमरे में झांक कर देखा तो उसे फंदे में लटका देख चीख पड़े। मूर्तिकार को दो पुत्र व दो पुत्रियां है।
