-भारत को सर्वशक्तिमान बनाने के लिए काशी में चल रहा 30 दिवसीय गायत्री मंत्र जाप महायज्ञ
वाराणसी (हि.स.)। दुर्गाकुंड स्थित बनकटी हनुमान मंदिर के प्रधान पुजारी पं. गया प्रसाद मिश्र ने कहा कि गायत्री मंत्र साक्षात मां आदि शक्ति की आराधना है। इसके जाप से मनचाही शक्ति मिलती है। ये सभी मनोकामनाओं को पूर्ण कर सुख प्रदान करने वाला महामंत्र है।
पुजारी शनिवार को छित्तूपुर, सामनेघाट स्थित जगत शिष्य वेद माता मंदिर में भारत की सुरक्षा व विश्व की शांति की कामना को लेकर चल रहे 30 दिवसीय गायत्री मंत्र जाप महायज्ञ के चौथे दिन अपने मुख से ज्ञानगंगा बहा रहे थे। उन्होंने कहा कि गायत्री मंत्र का जप करना चाहिए क्यों कि यह भगवान भोले द्वारा प्रदत्त है। इसके पहले पं. गया प्रसाद मिश्र अभिनंदन किया गया। वैदिक एजुकेशनल रिसर्च सोसाएटी के तत्वावधान में चल रहे महायज्ञ में संस्था के अध्यक्ष पं. शिवपूजन शास्त्री ने वेदमाता व भूदेवों का पूजन भी किया। उन्होंने बताया कि भारत को सर्वशक्तिमान बनाने व पूरे विश्व में शांति की कामना को लेकर यह महामंत्र जप यज्ञ का अनुष्ठान किया जा रहा है।
