लखनऊ । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के यूपी आने के कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव हो गया है। प्रियंका गांधी पहले 14 जुलाई को लखनऊ आने वाली थीं। अब 16 जुलाई को लखनऊ दौरे पर आएंगी। उनके इस दौरे को लेकर कांग्रेस दफ्तर में तैयारियां भी तेज हो गई हैं। प्रियंका गांधी के तीन दिन तक यूपी प्रवास का कार्यक्रम है। इस दौरान वह प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ-साथ संगठनात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श करेंगी। पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश दौरे के समय मजबूत सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर भी चर्चा करेंगी। लखनऊ में उनका उन बेरोजगार नौजवानों के समूह से भी मिलने का कार्यक्रम है जो सरकारी भर्तियों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
