मेरठ (हि.स.)। गन्ने के बकाया भुगतान और किसानों की कई समस्याओं को लेकर शनिवार को भारतीय किसान आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने जिला गन्ना अधिकारी का घेराव किया। किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
भारतीय किसान आंदोलन के राष्ट्रीय संयोजक कुलदीप त्यागी के नेतृत्व में शनिवार को किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय में जमकर हंगामा किया। अधिकारी का घेराव करते हुए कुलदीप त्यागी ने आरोप लगाया कि गन्ने का बकाया भुगतान ना होने के कारण गन्ना किसानों के परिवार फांको पर मजबूर हैं।
किसानों के बच्चों को फीस ना भरने के कारण स्कूलों से निकाला जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने इसके लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शनकारी किसानों ने गन्ने का मूल्य पांच सौ रुपए प्रति कुंटल किए जाने, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान ब्याज सहित जल्द से जल्द दिलाने, घटतौली पर रोक लगाए जाने और पर्चियों के वितरण में पारदर्शिता बरते जाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारी किसानों ने इन चारों मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द इन सभी समस्याओं के समाधान की मांग की।
Submitted By: Dr. Kuldeep Tyagi Edited By: Deepak Yadav
