फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना लाइनपार क्षेत्र अन्तर्गत एक गत्ता फैक्टरी में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
थाना लाइनपार क्षेत्र स्थित फारुकी ग्लास कारखाना के परिसर में गत्ता फैक्टरी है। बुधवार को इस गत्ता की फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गयी। आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटों को दूर दूर तक देखी गई। धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी होते ही फैक्टरी मालिक ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना पर फिरोजाबाद के साथ-साथ टूंडला और शिकोहाबाद से फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब चार घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण क्या है और इस आग में कितना नुकसान हुआ है, अभी यह कह पाना मुश्किल है।
अग्निशमन विभाग के सीएफओ जसवीर सिंह ने बताया कि आग शार्ट सर्किट से लगी हुई बताई जा रही है, फिर भी इसकी जांच की जाएगी। नुकसान के बारे में आकलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दमकल की पांच गाड़ियों और कारखाने में जो भी इंतजाम थे उनकी मदद से आग पर काबू पाया गया।
