जौनपुर (हि.स.)। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के छताई कलां गांव में रविवार शाम खेत में गिरी पतंग लेने पहुंचा बालक खेत में दौड़ रहे करेंट की चपेट में आकर गम्भीर रूप से झुलस गया। सोमवार की सुबह दूसरे बालक का शव उसी खेत से कुछ दूरी पर मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी।
छताई कलां निवासी राम भुआल का सात वर्षीय पुत्र रोहन रविवार शाम को बांकेलाल यादव के खेत में गिरी पतंग को लेने पहुंचा, जहां खेत के किनारे लगे लोहे के तारों में आ रहे करेंट की चपेट में आ गया। गम्भीर रूप से झुलसने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, इसी गांव के रहने वाले साधू यादव का आठ वर्षीय पुत्र विक्रम शाम से ही लापता चल रहा था। जिसकी तलाश में जुटे परिवार के लोगों को विक्रम का शव सोमवार की सुबह बांकेलाल के खेत से कुछ दूर रघुराज सिंह के खेत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि बालक की मौत के बाद उसके शव को दूसरे स्थान पर रखकर छुपाने का प्रयास किया गया है।
मामले में क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि रात ढाई बजे बालक के लापता होने की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। सोमवार सुबह में उसका शव मिलने पर खेत मालिक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या में केस दर्ज कराकर कार्रवाही की जा रही है।
