प्रतापगढ़ (हि.स.)। उदयपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को खेत की रखवाली करने गए युवक का शव गांव के बाहर खेत में आम के पेड़ की डाल से लटकता मिला। परिजनों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
उदयपुर थाना के पिड़रिया गांव निवासी नन्द लाल सरोज (45) गुरुवार को रात में घर से भोजन करने के बाद अपने खेत में फसल की रखवाली करने गया था। शुक्रवार की सुबह जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन उसे देखने के लिए खेत गये। जहां नन्दलाल का शव खेत के पास ही लगे आम के पेड़ पर फांसी के फंदे के सहारे लटका हुआ था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के क्षेत्राधिकारी जगमोहन यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
