वाराणसी (हि.स.)। कोरोना संकट को देखते हुए रविवार को गोवर्धन पूजा समिति ने खिड़किया घाट पर गोवर्धन धाम मंदिर में सादगी से पूजा पाठ किया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण को 56 व्यंजनों का भोग लगाया गया। पूजा के बाद भगवान गोवर्धन से देश में व्याप्त महामारी कोरोना से मुक्ति दिलाने की गुहार लगाई गई। पूजन में समिति की अध्यक्ष शालिनी यादव,गोवर्धन ट्रस्ट बोर्ड के गोपाल यादव,श्रीकृष्ण यादव महासभा के श्रीप्रकाश यादव और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
पूजा में परम्परानुसार यादव बंधुओं की शोभायात्रा नहीं निकली। घाट पर होने वाला सांस्कृतिक कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया। गोवर्धन पूजा समिति के पदाधिकारियों के अनुसार कोरोना काल में राज्य सरकार व जिला प्रशासन के गाइडलाइन के अनुरूप इस वर्ष शोभायात्रा नहीं निकाली गई। गोवर्धन पूजा में प्रति वर्ष दिए जाने वाले विशिष्ट सम्मान गोवर्धनश्री व प्रकशित होने वाली गोवर्धन स्मारिका का विमोचन 20 दिसम्बर को होगा।
बताते चलें, गोवर्धन पूजा समिति की अगुवाई में गोवर्धन पूजा पर प्रतिवर्ष हथुआ मार्केट लहुराबीर से यदुवंशी विशाल शोभायात्रा निकालते है। शोभायात्रा में केसरिया साफा बांधे यादव बंधु ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते-नाचते आकर्षक झांकिया निकालते हैं। इसमें पूरे राह परंपरागत मनरी कला (लट्ठबाजी) का प्रदर्शन करते यादव बंधु चलते हैं। लहुराबीर, पिपलानी कटरा, मैदागिन, विशेश्वरगंज, मुकीमगंज, मछोदरी होते हुए शोभायात्रा राजघाट से खिड़किया घाट पहुंचती है। यहां शोभायात्रा के समापन पर घाट स्थित गोवर्धन धाम मंदिर में पूजा-पाठ के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होता है। कार्यक्रम में समाज के विशिष्ट लोगों का सम्मान होता है।
