मेरठ(हि.स.)। मंहगाई रोकने में नाकाम केंद्र सरकार के खिलाफ सोमवार को शिव सैनिकों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। शिव सैनिकों ने कलक्ट्रेट पर खाली बर्तन बजाकर विरोध जताया और राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर केंद्र सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
शिव सेना के महानगर प्रमुख मोहित त्यागी के नेतृत्व में शिव सैनिकों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। शिव सेना के प्रदेश महासचिव व पश्चिमी यूपी प्रभारी धर्मेन्द्र तोमर ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण मंहगाई चरम पर है। जहां पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें आसमान छू रही है, वहीं घरेलू गैस की सब्सिडी खत्म करके केन्द्र सरकार ने बढ़ती मंहगाई की आग में घी डालने का काम किया है।
राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में देकर शिव सैनिकों ने केंद्र सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। इसके साथ ही घरेलू गैस सब्सिडी पुनः शुरू करने, पेट्रोलियम कीमतों पर अंकुश लगाने की मांग उठाई। प्रदर्शन करने वालों में अवधेश शर्मा, अवनीश आर्य, जितेंद्र सोम, विश्वजीत रावत, देवदत्त शास्त्री, यासीन खान, कमल प्रजापति, आजम, सचिन शर्मा, मोसिन, दीपक यादव, प्रदीप सक्सेना, तिलक राम, साहिब, जावेद, तालिब, समीर देशवाल, शुभम शर्मा शामिल रहे।
