Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : क्षेत्रीय विज्ञान मेले में काशी नगर बना सर्वविजेता

UP News : क्षेत्रीय विज्ञान मेले में काशी नगर बना सर्वविजेता

प्रयागराज (हि.स.)। प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) शिक्षा प्रसार समिति द्वारा संचालित सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज में दो दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान मेले का समापन हुआ। जिसमें काशी नगर को सर्वविजेता घोषित किया गया।
 विज्ञान की विभिन्न प्रतियोगिताएं एक साथ विद्यालय में अलग-अलग स्थानों पर हुई। इसके लिए विभिन्न डिग्री कॉलेज एवं विश्वविद्यालय से विषय विशेषज्ञों को निर्णायक की भूमिका में आमंत्रित किया गया था। जिनमें भौतिकी प्रयोगात्मक हेतु ईसीसी से डॉ.प्रेम प्रकाश सिंह, सीएमपी डिग्री कालेज से डॉ राकेश सिंह, प्रवक्ता चन्द्र कान्त मिश्र, रसायन प्रयोगात्मक हेतु ईसीसी से डॉ. प्रमोद शर्मा, सीएमपी डिग्री कालेज से डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव, प्रवक्ता विभू श्रीवास्तव, जीव विज्ञान प्रयोगात्मक हेतु सीएमपी डिग्री कालेज से डॉ. अविनाश प्रताप सिंह एवं प्रवक्ता वकील प्रसाद तथा विज्ञान पत्रवाचन हेतु ईसीसी से डॉ. राजकुमार स्वर्णकार व ट्रिपल आईटी से प्रो. संजय सिंह रहे।

इस अवसर पर विद्या भारती पूर्वी उ.प्र क्षेत्र के आठ प्रान्तों (काशी नगरीय, काशी ग्रामीण, गोरक्ष नगरीय, गोरक्ष ग्रामीण, अवध नगरीय, अवध ग्रामीण, कानपुर नगरीय कानुर ग्रामीण) के तरुण वर्ग के लगभग 76 भैया-बहिनों ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन में मुख्य अतिथि ट्रिपल आईटी प्रयागराज के प्रो. शेखर वर्मा एवं अध्यक्ष इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रो. कृष्ण पाल सिंह तथा विशिष्ट अतिथि विद्या भारती पूर्वी उप्र क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचन्द्र आदि उपस्थित रहे। 
परिणाम इस प्रकार रहा-विज्ञान प्रश्नमंच में काशी प्रथम, अवध द्वितीय व गोरक्ष तृतीय। विज्ञान प्रयोग भौतिक में गोरक्ष ग्रामीण प्रथम, काशी द्वितीय व गोरक्ष नगर तृतीय। विज्ञान प्रयोग रसायन काशी नगर प्रथम, अवध ग्रामीण द्वितीय व कानपुर ग्रामीण तृतीय। विज्ञान प्रयोग जीवविज्ञान में काशी नगर प्रथम, गोरक्ष नगर द्वितीय व कानपुर नगर तृतीय तथा विज्ञान पत्रवाचन में गोरक्ष नगर प्रथम, काशी नगर द्वितीय व अवध नगर तृतीय स्थान पर रहे। 
समापन सत्र में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले भैया बहिनों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया और सर्वविजेता की ट्रॉफी काशी नगर को दी गई। कार्यक्रम के अन्त में प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह ने आये अतिथियों का आभार ज्ञापन किया। कार्यक्रम में विजय उपाध्याय, चिन्तामणि सिंह, अव्यक्त राम, वगीश, प्रदीप त्रिपाठी, दयाराम, सुमन्त सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular