रायबरेली (हि.स.)। बछरावां के एक पम्प हाउस में मंगलवार को क्लोरीन गैस के रिसाव से अफरा-तफरी मच गई। चार लोगों की हालत बिगड़ गई, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बछरावां नगर पंचायत में महराजगंज रोड स्तिथ पम्प हाउस में रखे क्लोरीन गैस में अचानक रिसाव होने लगा। गैस रिसाव से वहां मौजूद कर्मचारियों सहित अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर नगर पंचायत के अधिकारी मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। दमकल कर्मियों की टीम ने अन्य लोगों की सहायता से गैस रिसाव को काबू में किया तब कही जाकर सभी ने राहत की सांस ली।
गैस की चपेट में आकर विशाल (25) पुत्र सुखलाल, सलोनी (38) पत्नी रविंद्र, शारदा देवी (30) पत्नी महेश और धर्मेंद्र (34) पुत्र हरिनाम सिंह निवासी बछरावां कस जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उप जिलाधिकारी सविता यादव ने घटनास्थल का जायेजा लिया। बताया कि क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ था, जिसे जल्द ही काबू में कर लिया गया है। इसकी चपेट में आये चार लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
