मेरठ (हि. स.)। घने कोहरे के चलते गुरुवार को सरूरपुर थाना क्षेत्र में रोडवेज की दो बसों में भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बसों में सवार लगभग 12 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। रोडवेज की एक बस गुरुवार को भैंसाली बस स्टैंड से सवारियों को लेकर बड़ौत के लिए रवाना हुई थी।
इसी दौरान सरूरपुर क्षेत्र में हर्रा खिवाई मोड़ पर बड़ौत की तरफ से आती एक दूसरी रोडवेज बस सामने से आ रही बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों की सवारियों में कोहराम मच गया। घटना के दौरान आसपास के खेतों में मौजूद ग्रामीण बस में फंसी सवारियों की मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बस में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को रोहटा और सरूरपुर के सीएचसी में भर्ती कराया। घायलों में सुनील शर्मा, शिवप्रताप, कृष्ण और अन्य कुछ सवारियों को गंभीर चोट लगी हैं। सवारियों के मुताबिक घने कोहरे के चलते बस के ड्राइवर अपनी-अपनी बसों से नियंत्रण खो बैठे। जिसके चलते दुर्घटना हो गई।
Submitted By: Dr. Kuldeep Tyagi Edited By: Rajesh Kumar Tiwari
