– पहले चरण में सीएचसी पर लगभग 400 स्वास्थ्य कर्मियों को लगेगा टीका
फर्रुखाबाद (हि.स.)। कोविड-19 टीकाकरण की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कायमगंज पर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुराग वर्मा द्वारा कोविड-19 टीकाकरण के दौरान प्रथम चरण में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े हेल्थकेयर वर्कर तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रतिरक्षित कराने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि टीकों की संभावित उपलब्धता के आधार पर भारत सरकार ने प्राथमिकता वाले समूहों का चयन किया है, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर टीका लगाया जाएगा क्योंकि उन्हें अधिक जोखिम है। पहले समूह में हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल हैं। ऑनलाइन पंजीकरण के बाद लाभार्थी को टीकाकरण की नियत तारीख, स्थान और टीकाकरण के समय के बारे में उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से जानकारी प्राप्त होगी।
इतना ही नहीं कोविड-19 वैक्सीन की उचित खुराक मिलने के बाद लाभार्थी को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस प्राप्त होगा । वैक्सीन की सभी खुराक लगने के बाद लाभार्थी के (पंजीकृत मोबाइल नंबर) रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर क्यूआर कोड आधारित प्रमाण पत्र भी भेजा जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रभात वर्मा ने बताया कि टीकाकरण के लिए लाभार्थियों की तीन पन्ने की ड्यू लिस्ट तैयार होगी, जो तीन लोगों के पास होगी। इसी लिस्ट से मिलान एवं सत्यापन करने के बाद लाभार्थी को टीका लगेगा। जिस प्रकार लाभार्थियों के पास एसएमएस जाएगा कि उन्हें कब और कहा टीका लगवाने जाना है, उसी प्रकार वेक्सीनेटर (टीका लगाने वाले) के भी मोबाइल पर भी मैसेज जाएगा कि उन्हें किस जगह टीका लगाने जाना है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि जिस केन्द्र पर टीका लगेगा उस केन्द्र पर लाभार्थियों की ड्यू लिस्ट भेजी जायेगी। सबसे पहले टीकाकरण सत्र पर उपस्थित सुरक्षा कर्मी/वालंटियर लिस्ट देखकर लाभार्थी की पहचान करेगा। टीका लगवाने आने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए आधार कार्ड या कोई अन्य सरकारी आईडी ही मान्य होगा। वैक्सीनेटर भी सूची से मिलान करने के बाद ही टीका लगाएगा। टीका लगने के बाद लाभार्थी को आधे घंटे तक निगरानी में रखा जाएगा। उसके बाद उसे घर भेज दिया जाएगा।
साथ ही कहा, कोविड टीकाकरण जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और डॉ राममनोहर लोहिया चिकित्सालय में किया जायेगा।जिसमें लगभग 6 हजार स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने का कार्य एएनएम, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और कमुनिटी हेल्थ वर्कर द्वारा किया जायेगा। विश्व स्वास्थ्य संगठन से मानीटर फ़रहत अली जैदी ने प्रशिक्षण देते हुए कहा कि प्रत्येक टीकाकरण स्थल पर लाभार्थियों की संख्या व स्थान की उपलब्धता के अनुसार सत्र आयोजित होंगे। बड़े अस्पतालों में स्थान मिलने पर तीन से अधिक सत्र हो सकेंगे।
प्रत्येक सत्र में छह कर्मचारी होंगे। इनमें से पुलिस व होमगार्ड के दो सुरक्षाकर्मी, एक जांचकर्ता, एक वैक्सीनेटर, एक मोबिलाइजर होगा। पहले व दूसरे चरण में एक अतिरिक्त वैक्सीनेटर रखा जाएगा। साथ ही कहा कि हर दिन सत्र में 100 लोगों का टीकाकरण होना चाहिए। अगर टीकाकरण वाले स्थान पर समुचित व्यवस्था है और वेटिंग रूप का इंतजाम है तो एक और सत्र का इंतजाम हो सकता है। सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों, अग्रिम मोर्चे के कर्मियों और 50 साल से अधिक्र उम्र के लोगों का टीकाकरण होगा। मोहित ने बताया कि पहले चरण में सीएचसी पर लगभग 400 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगेगा। इस दौरान मेडिकल आफिसर शिव प्रकाश, बीपीएम मोहित गंगवार, बीसीपीएम विनय मिश्र, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
UP News : कोरोना से दो-दो हाथ करने को स्वास्थ्य महकमा तैयार
RELATED ARTICLES
