जौनपुर (हि.स.)। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पिलखीनी गांव निवासी एक छात्रा से शनिवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने उस वक्त मोबाइल की छिनैती कर ली जब वह कस्बे से कोचिंग पढ़ कर अपने घर वापस लौट रही थी।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पिलखीनी गांव निवासी खुशबू 19 पुत्री होरी लाल गौराबादशाहपुर कस्बे से कोचिंग पढ़ कर अपने घर वापस जा रही थी। आरोप है कि जब वह अपने गांव के पास पहुंची तो उसके मोबाइल पर घर से फोन आ गया और वह साइकिल चलाते हुए मोबाइल पर बात करते हुए जा रही थी। तभी पीछे से बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। इस छीनाझपटी में वह साइकिल से गिरकर घायल हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
रविवार को इस बावत पूछे जाने पर एसओ गौराबादशाहपुर संतोष कुमार पाठक ने कहा कि ऐसी किसी घटना की जानकरी हमें नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
