– नारेबाजी कर रहे छात्र-छात्राओं को पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम
कानपुर (हि.स.)। कोरोना महामारी के बीच कॉलेज बंद होने से पहले ही छात्र-छात्राओं की पढ़ाई काफी प्रभावित हो चुकी है। अब जब कॉलेज खुले तो प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा उनके भविष्य को चौपट कर रहा है।
ऐसा ही मामला बुधवार को सिविल लाइंस स्थित डीएवी कॉलेज का सामने उस वक्त आया जब छात्र-छात्राएं प्रैक्टिकल की परीक्षा देने पहुंचे। उन्हें परीक्षा देने से रोक दिया गया। इससे नाराज छात्राओं ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा शुरु कर दिया।
दरअसल, डीएवी कॉलेज में आज फिजिक्स का प्रैक्टिल की परीक्षा आयोजित की जानी थी। परीक्षा देने के लिए दूर-दूर से कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं कड़ाके की सर्दी में कॉलेज पहुंचे। यहां पर सभी छात्रों को गेट पर रोक दिया गया और प्रैक्टिकल निरस्त होने की बात कही गई। मामले की जानकारी पर छात्र-छात्राओं को पता चला कि विश्वविद्यालय और डीएवी कॉलेज के आपसी विवाद के चलते डीएवी प्रशासन प्रैक्टिकल नहीं कराया जा रहा है। इस बात से नाराज सैकड़ों छात्रों ने हंगामा शुरु कर दिया और वीआईपी रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान छात्र-छात्राएं कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहें और भविष्य से खिलवाड़ करने वाला बताने लगे।
सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस पहुंची और छात्रों को जाम खोलने के लिए समझा और बातचीत के बाद शांत हुए। कॉलेज प्रबंधन द्वारा सभी छात्रों को विश्वविद्यालय भेजा गया है।
Submitted By: Mohit Verma Edited By: Deepak Varun
