शामली (हि.स.)। कृषि विधेयक के विरोध में राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। यहां एडीएम कार्यालय के सामने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम संदीप कुमार को सौंपा।
कलेक्ट्रेट में दोपहर बाद पहुंचकर रालोद पदाधिकारियों ने कृषि विधेयकों से किसानों को होने वाले नुकसान का दावा करते हुए इन्हें निरस्त करने की पुरजोर तरीके से मांग उठाईं।
रालोद के जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा कि हमार देश कृषि प्रधान है। किसानों ने देश की अर्थव्यवस्था में हमेशा अपना योगदान दिया हैं। कोरोना वैश्विक महमारी की वजह से लगे पूर्णबंदी के दौरान किसानों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए देश के लिए खाद्यान्न उत्पादन करने का काम किया। अब सरकार द्वारा लाये गए इस कृषि विधेयक से किसानों को बर्बाद करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने यह आरोप लगाया कि कारपोरेट जगत को फायदा पहुंचाने के लिए ही यह काले कानून पास कराए गए हैं। धरने के दौरान डॉ. मुबारक अली, आशुतोष, सनोज, सुनील मलिक आदि शामिल रहे।
