– निरीक्षण कर विधायक ने व्यापारियों को दिया आश्वासन
कानपुर (हि.स.)। गुजैनी के सी ब्लॉक पार्क में बन रहे कूड़ा अड्डा ट्रांसमिशन सेंटर का व्यापारी विरोध कर रहे हैं। गुजैनी व्यापार मंडल के पदाधिकारी यहां पर तीन दिन से धरने पर बैठे हैं। व्यापारियों के विरोध को देखते हुए रविवार को गोविन्द नगर विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने पार्क का निरीक्षण किया और व्यापारियों को आश्वासन दिया कि आपकी मांगों पर विचार किया जाएगा।
नगर निगम दबौली स्थित गुजैनी के सी ब्लॉक पार्क में कूड़ा अड्डा ट्रांसमिशन सेंटर बनाने जा रहा है। इसके चलते वहां पर बराबर कूड़ा की गाड़ियां आएंगी और बदबू से क्षेत्रीय लोग परेशान होंगे। पार्क के आस-पास व्यापारिक क्षेत्र भी है, जिसको लेकर दबौली गुजैनी व्यापार मंडल के पदाधिकारी तीन दिन से कूड़ा अड्डा का विरोध कर रहे हैं। व्यापारियों ने पार्क में नगर आयुक्त और स्वास्थ्य अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को सद्बुद्धि देने के लिए मंत्रोच्चारण के साथ हवन किया गया। व्यापार मंडल चेयरमैन राघवेंद्र गुप्ता ने बताया कि पार्क में कूड़ा ट्रांसमिशन सेंटर बनने के बाद से बदबू होने के चलते आसपास के लोगों को जीना दुश्वार हो जाएगा। इसके साथ ही व्यापार भी असर पड़ना स्वाभाविक है। यहां पर बार-बार कूड़े की गाडिय़ां अंदर से बाहर निकलेंगी जिससे सड़क पर भी कूड़ा फैलेगा और वाहन सवार फिसल कर गिरेंगे। महामंत्री बाबू सिंह चंदेल ने बताया कि कूड़ा सेंटर बनने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाएगा। यहां पर पार्क के आस-पास करीब सौ दुकानें हैं और गंदगी से ग्राहक भी कम आएंगे। इस वजह से व्यापार मंडल के पदाधिकारी अनिश्चितकालीन धरने पर हैं। वहीं व्यापारियों के विरोध को देखते हुए गोविन्द नगर विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने पार्क का निरीक्षण किया और व्यापारियों को आश्वासन दिया कि आपकी मांगों पर विचार किया जाएगा। इस दौरान संजय गुप्ता, ज्ञान सिंह यादव, रज्जन चर्तेवेदी, रामेन्द्र कुशवाहा, रिंकू ठाकुर, प्रेम दुबे आदि मौजूद रहें।
UP News : कूड़ा अड्डा ट्रांसमिशन सेंटर के विरोध में व्यापारियों ने किया हवन यज्ञ
RELATED ARTICLES
