लखनऊ (हि.स.)। दिल्ली में चल रहे किसान आन्दोलन के समर्थन में 28 नवम्बर प्रदेश कांग्रेस की सभी जिला-शहर इकाइयां जिला मुख्यालयों पर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगी।
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आज अन्नदाता किसान भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों से त्रस्त होकर सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने को विवश है। किसानों की मांगों को मानने के बजाए भाजपा सरकारें किसानों पर बर्बर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पानी की बौछारें डालकर उनका उत्पीड़न कर रही हैं और उनकी आवाज दबाना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत दिल्ली पहुंचकर हाल ही में पारित तीन कृषि कानूनों के विरोध एवं विशेषकर न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी की मांग को लेकर आन्दोलनरत किसान इस भीषण ठण्ड में सड़कों पर आने को विवश हुए हैं। लेकिन, सरकार दमनात्मक रवैये को अपनाते हुए उनकी मांगों को अनसुना कर रही है और हठधर्मिता अपनाकर लाठी, डण्डे के बल पर उनकी आवाज दबा रही है।
