गाजियाबाद (हि.स.)। खेती कानूनों के खिलाफ पिछले 100 दिनों से आंदोलनरत किसानों ने शनिवार को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कब्जा करके टोल प्लाजा को फ्री कर दिया। इस दौरान किसानों ने जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
आंदोलनरत किसानों ने सरकार पर दबाव बनाने के लिए आंदोलन के 100 दिन पूरे होने पर शनिवार को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा को टोल फ्री करने की घोषणा की थी। शनिवार को बड़ी संख्या में किसान ईपीई पर डासना व दुहाई में इकट्ठा हुए और टोल प्लाजा को फ्री करा दिया।
संयुक्त किसान संघर्ष समिति के जगतार सिंह बाजवा ने के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक टोल प्लाजा किसानों के कब्जे में रहा। किसानों ने अप्सरा बॉर्डर पर भी प्रदर्शन किया। जिस कारण वहां पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस प्रशासन ने वाहनों को डायवर्ट करके दूसरे रूटों से निकाला। किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार को तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना ही होगा। ऐसा नहीं होने तक किसानों का आंदोलन चलता रहेगा।
