होली पर्व पर गांव में पसरा सन्नाटा, घरों में नहीं जले चूल्हे, परिजनों के विलाप से गांव गमगीन
वाराणसी (हि.स.)। होली पर्व पर सोमवार को मिर्जामुराद के बिहड़ा गांव में पूरे दिन खामोशी और सन्नाटा पसरा रहा। बदमाशों की गोली का निशाना बने किशोर विनय यादव (16) का शव एम्बुलेंस से पूर्वाह्न में जैसे ही घर पहुंचा परिजनों में कोहराम मच गया। उनके कातर चीत्कार और रूदन से पूरा गांव गमगीन हो गया। मृतक के दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
शोक संवेदना जताने के लिए सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ और अन्य पदाधिकारी भी वहां पहुंचे। गांव में तनाव और बवाल की आंशका पर खुद सीओ बड़ागांव, एसडीएम राजातालाब, क्षेत्रीय थानाध्यक्ष फोर्स के साथ वहां डटे रहे। परिजनों को अफसरों ने समझाया बुझाया तब वे किशोर के शव का अन्तिम संस्कार करने के लिए बरैनी घाट कछवां ले गये।
ज्ञातव्य है कि रविवार की शाम बिहड़ा गांव के सड़क किनारे अंडे की दुकान पर नशे में धुत मोटर साइकिल सवार बदमाश किसी को गाली दे रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद किशोर विनय यादव ने गाली देने का विरोध किया। इस पर नाराज बदमाशों ने उसे गोली मार दी। बदमाशों के गोली से ननिहाल आई राधिका उर्फ पंखुड़ी (09) भी घायल हो गई। बदमाशों ने भागते समय पीछे से आ रहे मोटर साइकिल सवार चिराग सिंह उर्फ गुरु प्रसाद (26) को पीछा करने की शंका पर उन्हें भी गोली मार दी। सूचना पर रात में ही पुलिस अफसर हाइवे किनारे स्थित गांव में पहुंच गये। इस मामले में मृत किशोर के भाई ने थाने में तहरीर दी। पुलिस दो अज्ञात बदमाशोंं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एसपी ग्रामीण विनय कुमार सिंह के अनुसार वारदात की ठोस वजह का पता लगाने के साथ ही बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। मृत किशोर के पिता किसान जीतनारायण पहलवान उर्फ जित्तन यादव ने पुलिस अफसरों को बताया कि उसकी किसी से दुश्मनी भी नही है। ग्रामीणों का कहना था कि विनय अच्छा लड़का था और कभी किसी विवाद में नही पड़ता था।
UP News : किशोर का शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम
RELATED ARTICLES
