Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : :कांवड़ यात्रा में शिविर लगाने की पहले लेनी होगी...

UP News : :कांवड़ यात्रा में शिविर लगाने की पहले लेनी होगी अनुमति : जिलाधिकारी

मेरठ (हि.स.)। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को जिलाधिकारी के. बालाजी ने विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी अधिकारी अपने विभाग के कार्यों को समय से पूरा कराए।

जिलाधिकारी के. बालाजी ने कहा कि 25 जुलाई से कांवड़ यात्रा प्रारम्भ होगी। कांवड़ मार्ग पर लगने वाले शिविरों के लिए पूर्व अनुमति लेनी जरूरी होगी। कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले अवैध कट को प्राथमिकता पर बंद कराया जाए। बकरीद की तैयारियों को भी समय से पूरा कराया जाए। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि नहरों के पास गोताखोरों, लाइफ जैकेट आदि की पूर्ण व्यवस्था रखें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांवड़ मार्ग पर चिकित्सीय कैम्प लगवाएं तथा वहां पर एम्बुलेंस सहित चिकित्सीय दल एवं सभी आवश्यक दवाओं के साथ एंटी वेनम दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखें। उन्होंने कहा कि जलाभिषेक के लिए औघड़नाथ मंदिर में विशेष तैयारियां समय से पूर्ण कराई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड मार्ग में पड़ने वाले शिविरों और होटलों में रेट लिस्ट आवश्यक रूप से प्रदर्शित कराई जाए। कांवड़ मार्ग में पड़ने वाली सभी मांस की दुकानें यात्रा के दौरान बंद रखी जाए। सड़कों पर जल भराव ना होने पाए। प्रकाश व्यवस्था जिला पंचायत के माध्यम से कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि जिन मार्गाें पर रूट डायवर्जन किया जाना है, उन्हें चिहिन्त कर लिया जाए। वह कावड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी जर्जर तारों को शीघ्र बदलवाया जाए। ढीले तारों को कसा जाए। उन्होंने विद्युत अधिकारियों को कांवड़ मार्ग में आने वाले विद्युत खम्बों को 08 फीट तक प्लास्टिक से कवर कराने व ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग कराने के लिए कहा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने कहा कि जनपद में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सभी अधिकारी संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रखें और पूर्व में घटित घटनाओं को संज्ञान रखते हुए विशेष चौकसी बरते। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान गोताखोरों की व्यवस्था की जाये। कांवड़ मार्ग में नहर की चौड़ाई में एक छोर से दूसरे छोर रस्सा बांधा जाये ताकि उनको सुरक्षा प्रदान हो।

एसपी यातायात जितेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान भैंसाली अड्डा बंद रहेगा। रोडवेज बसों का संचालन सोहराब गेट बस अड्डे से किया जाएगा। उन्होंने यातायात पुलिस द्वारा यात्रा के दौरान बनायी गयी कार्य योजना के सम्बंध में जानकारी दी। इस अवसर पर सीडीओ शशांक चौधरी, नगर आयुक्त मनीष बंसल, अपर जिलाधिकारी नगर अजय तिवारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल, अपर जिलाधिकारी वित्त सुभाष चन्द्र प्रजापति, सिटी मजिस्ट्रेट एसके सिंह, एसपी सिटी विनीत भटनागर आदि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular