Tuesday, April 7, 2026
Homeराष्ट्रीयUP News : कांग्रेस के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने निकाली पदयात्रा

UP News : कांग्रेस के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने निकाली पदयात्रा

वाराणसी (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थापना दिवस पर लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली। कैंट विधानसभा क्षेत्र के लंका स्थित बीएचयू के सिंहद्वार से भारत रत्न महामना मदनमोहन मालवीय के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कायकर्ताओं ने पदयात्रा शुरू की। 

 पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, वर्तमान सरकार की जनविरोधी व लोकतंत्र विरोधी नीतियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता हस्तलिखित तख्तियां लेकर चल रहे थे। बैंडबाजे की धुन पर निकली पदयात्रा अस्सी,रविन्द्रपुरी पद्मश्री चौराहा,क्रीं कुंड कीनाराम आश्रम होते हुए विजया चौराहे के समीप स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष पहुंच कर समाप्त हुई। समापन राष्ट्रगान से हुआ।
  यात्रा में रामनगर के कार्यकर्ता विपिन सिंह,राजेन्द्र प्रसाद गुप्त के साथ शामिल हुए। यहां पार्टी की सदस्यता भी कुछ लोगों को दिलाई गई। 
 पार्टी के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि पार्टी के 136वें स्थापना दिवस पर हर विधान सभा में तीन दिवसीय यात्रा निकालने का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम में कैंट विधान सभा की यात्रा निकाली गई। 
 उन्होंने बताया कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो समाज के सारे वर्गों को एक साथ लेकर चलने का कार्य करती है। पार्टी किसानों के आंदोलन का भी लगातार समर्थन कर रही हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular