फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में पांच दिन पूर्व हुई महिला की हत्या उसके गांव के मटन की दुकान करने वाले युवक ने महिला के अन्य लोगों से प्रेम सम्बन्ध होने के कारण की थी। शिकोहाबाद पुलिस व एसओजी टीम ने गुरुवार को आरोपित को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि 2 जनवरी को थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के नगला हैंडिल निवासी कविता (30) पत्नी पप्पू की उसके ही घर में धारदार हथियार से उसके गले पर चोट पहुंचाकर हत्या कर दी गयी थी। मृतका का पति पप्पू ई-रिक्शा चलाता है। दोपहर में जब वह खाना खाने के लिये अपने घर आया तो देखा कि कमरे में उसकी पत्नी कविता मृत पड़ी है।
सूचना पर थाना प्रभारी शिकोहाबाद, फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वॉड एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। इस सनसनीखेज महिला हत्याकाण्ड के खुलासे के लिये थाना शिकोहाबाद पुलिस के साथ-साथ एसओजी टीम को भी कार्य पर लगाया गया और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गयी।
उन्होंने बताया कि घटना की जांच के दौरान मृतका के पड़ोस की एक छोटी लड़की ने बताया कि घटना के दिन जब वह पानी लेने के लिये मृतका के घर गयी तो वहां बॉवी पुत्र हीरालाल निवासी नीमखेरिया थाना शिकोहाबाद, फिरोजाबाद मौजूद था। बॉवी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गयी तो उसने मृतका के घर जाने की बात स्वीकार की, किन्तु हत्या करने की बात नहीं बतायी तथा पूछताछ में उसके द्वारा यह भी बताया गया कि जब वह मृतका के घर से निकला था, तब शफीक पुत्र नसीर निवासी कटरा मीरा थाना शिकोहाबाद, फिरोजाबाद को कविता के घर में अन्दर जाते हुए देखा था।
शफीक को उसके घर से हिरासत में लेकर घटना के सम्बन्ध में पूछताछ की गयी तो उसके द्वारा अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी नगला हैन्डिल में ही मुर्गा एवं बकरे के मटन की दुकान है। मृतका कविता उसके यहां प्रायः चिकन व मटन लेने आती थी। उसी दौरान मृतका कविता से मेरी नजदीकियां बढ़ गयी थी, मैं कविता से प्यार कर बैठा था। घटना के दिन कविता के घर पहुंचा तो देखा कि बॉबी कविता के घर से निकल रहा है, इस बात पर मुझे गुस्सा आ गया और मैंने कविता के गले पर चाकू से वार कर हत्या कर दी।
एसएसपी ने बताया कि आरोपित शफीक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू व रक्त रंजित शर्ट को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस सनसनीखेज कविता हत्याकाण्ड का खुलासा करने वाली टीम को 20,000 रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया है।
UP News : कविता हत्याकांड का खुलासा, आलाकत्ल चाकू सहित हत्यारोपित गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
