मेरठ (हि.स.)। आकाश हत्याकांड को लेकर भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर रावण द्वारा बुधवार को कलक्ट्रेट का घेराव के ऐलान से पुलिस प्रशासन सख्त नजर आया। लेकिन चंद्रशेखर के नहीं पहुंचने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। इसके बाद भी आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में जमकर हंगामा किया। उधर पुलिस ने कलक्ट्रेट के लिए कूच कर रहे लोगों को रिठानी में ही लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया।
रिठानी के आकाश हत्याकांड में पुलिस अभी तक आरोपित डॉ. प्रदीप कुमार और उसकी पत्नी गीता को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर ने बुधवार को कलक्ट्रेट पर धरने का ऐलान किया था। हंगामे की आशंका के चलते कलक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। पुलिस ने चंद्रशेखर के साथी बदर अली को बुधवार सुबह ही हिरासत में ले लिया। रिठानी स्थित आकाश के घर के आसपास का इलाका भी छावनी में तब्दील रहा। चंद्रशेखर तो धरने में नहीं पहुंचे, लेकिन उनकी आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में जमकर हंगामा किया।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस को आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में पहले ही आरोपित दंपत्ति पर 25-25 हजार का इनाम घोषित कर दिया गया है। फरार चल रहे आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर पाल समाज के लोग भी कलक्ट्रेट का घेराव करने के लिए रिठानी गांव से चल दिए थे। पुलिस ने दिल्ली रोड पर क्रोम होटल के निकट घेराबंदी करते हुए ग्रामीणों के वाहनों को रोक लिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हंगामे पर उतारू ग्रामीणों को बेकाबू होता देख पुलिस ने लाठियां फटकार कर उन्हें खदेड़ दिया। कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया।
