शाहजहांपुर(हि.स.) थाना सेरामऊ दक्षिणी में स्टेट हाइवे पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर लगने से ट्रॉली का हुक टूट गया और ट्रैक्टर हाइवे पर पलट गया। जिसके नीचे दब जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जनपद हरदोई के थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी राममित्र मिश्रा (40) शनिवार सुबह ट्रैक्टर ट्राली से अनाज लेकर शाहजहांपुर की रोजा मंडी जा रहे थे। शाहजहांपुर के थाना सेरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में कालिका प्रसाद विद्यालय के पास पीछे आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्राली में लगा हुक टूट गया और ट्रैक्टर हाइवे पर पलट गया। राममित्र की ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से मौत हो गई। घटना के बाद चालक कंटेनर लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर के सीधा किया और शव को बाहर निकाला। पुलिस ने परीजनो को सूचना दी और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों की तहरीर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
