मेरठ (हि.स.)। नौचंदी थाना पुलिस ने चोरी की बाइक्स को ओएलएक्स पर बेचने के गोरखधंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से चोरी की सात बाइक बरामद की हैं।
नौचंदी थाने के इंस्पेक्टर संजय वर्मा ने बताया कि गुरुवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने अपने नाम किठौर नई बस्ती निवासी दानिश और मुंडाली के साफियाबाद लोटी निवासी अब्दुल्ला बताए। बदमाशों की निशानदेही पर चोरी की तीन अन्य बुलेट सहित छह बाइक्स और बरामद की गईं।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि यह बदमाश पिछले काफी समय से जिले में वाहन चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। बदमाश इतने शातिर थे कि फर्जी आईडी बनाकर चोरी की इन बाइक्स को ओएलएक्स वेबसाइट के जरिए भोले-भाले लोगों को बेच डालते थे। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें जेल भेजा जा रहा है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों का अच्छा-खासा अपराधिक इतिहास भी बताया जा रहा है। इस गिरोह के दूसरे बदमाशों का भी पता लगाया जा रहा है।
