बिजनौर (हि.स.)। ग्राम प्रहरी (चौकीदार) हमारी आंख, कान, नाक है। ग्राम प्रहरी हमारे लिए बहुत अहम है। वह गांव की हर एक गतिविधियों पर नजर रखे और सूचना तत्काल स्थानीय थाने में दे। यह बात पुलिस अधीक्षक डॉक्टर धर्मवीर सिंह ने ग्राम प्रहरियों को लाठी व जर्सी देते हुए कही।
गुरुवार की शाम नजीबाबाद थाने पहुंचे एसपी डॉक्टर धर्मवीर सिंह ने ग्राम प्रहरी से कर्तव्य का निष्ठा के साथ निर्वाहन करने की सलाह दी। एसपी ने पुलिस के मददगार ग्राम प्रहरियों को जर्सी और लाठियां वितरित कीं।
एसपी ने ग्राम प्रहरियों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए निष्ठा और कर्तव्य परायणता के साथ काम करने की सलाह दी। उन्होंने कार्य में कोताही बरतने पर ग्राम प्रहरियों को तत्काल प्रभाव से हटाने की बात भी कही है। एसपी ने कार्य करने में शारीरिक रूप से असमर्थता महसूस करने वाले ग्राम प्रहरी (चौकीदारों) को अपने पुत्र आदि का विकल्प देने को भी कहा।
एसडीएम बृजेश कुमार सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी संजय शर्मा, एसएसआई राजेंद्र चौधरी की उपस्थिति में एसपी ने थाने के 85 ग्राम प्रहरियों को पुलिस विभाग की ओर से निशुल्क जर्सी और लाठियां वितरित की।
