प्रयागराज (हि.स.)। एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने प्रतापगढ़ के कोतवाली नगर से सोमवार दोपहर पचास हजार के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। टीम ने उसके कब्जे से एक तमन्चा, तीन कारतूस, एक आधार कार्ड, एक मोबाइल एवं पांच सौ रूपये नगद बरामद किया है।
उक्त जानकारी देते हुए प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक नवेन्दु कुमार ने बताया कि प्रतापगढ़ कोतवाली नगर के दसियापुर चिलबिला निवासी परवेज खॉ पुत्र नसीम उर्फ बाबा के खिलाफ कोतवाली नगर थाने में लूट एवं हत्या का मुकदमा दर्ज है। इसकी विगत काफी दिनों से तलाश की जा रही थी। इसकी गिरफ्तारी के लिए पचास हजार का ईनाम घोषित किया गया था। मुखबिर की सूचना पर उसे चिलबिला रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग से प्रयागराज फील्ड इकाई के उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह व उनके सभी सहयोगी पुलिस कर्मचारियों ने गिरफ्तार करने में कामयाबी पायी।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि अप्रैल-मई 2021 में अजय वर्मा एवं रज्जन आदि लोगों के साथ जुआ खेलने आते थे। जहां 29 मई को अपने सहयोगी आदित्य, पुनीत, राजेन्द्र, अभय, अकिल के साथ जुआ लूटने की योजना बनाई, लेकिन उस दिन जुआ नहीं हुआ। यह जानकारी होते ही अजय वर्मा एवं रज्जन को लूटने की योजना बनाई और रात गोली मारकर लूट की घटना अंजाम देने के बाद फरार हो गए। वारदात के बाद वह गुजरात, महाराष्ट्र चला गया और वहीं रहने लगा। इसके साथ वह स्मैक का भी काम करने लगा। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि अक्टूबर 2019 में गुड्डू सिंह को भी गोली मारी थी।
उसके बाद तीनों साथी ग्वालियर, मध्य प्रदेश, दिल्ली तथा गुजरात आदि स्थानों पर रहे। फिर वह गिरफ्तार होने के बाद जेल गया था। कलकत्ता से वापस आते समय रास्ते में साथियों के साथ मिलकर चालक की हत्या कर एक ट्रक अमेठी से लूटा था। इसके खिलाफ प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
