मेरठ (हि. स.)। एसएसपी कार्यालय में तैनात एक दरोगा ने अधिवक्ता को पीट दिया और मुकदमा दर्ज करा दिया। बुधवार को वकीलों ने एसएसपी से मिलकर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
टीपी नगर के मुल्तान नगर निवासी नलिन भारद्वाज पेशे से अधिवक्ता हैं। नलिन ने बताया कि 12 दिसंबर की सुबह वह अपनी कार से निकल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने पड़ोसी दरोगा ऋषिपाल से रास्ते में खड़ी उसकी कार हटाने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद ऋषिपाल और उसके परिवार के लोगों ने नलिन पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपितों ने नलिन और उनके पिता की जमकर पिटाई की। जिसके चलते नलिन के पिता अब तक अस्पताल में भर्ती हैं। अधिवक्ता का आरोप है कि उन्होंने दरोगा के खिलाफ थाने में तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने उल्टा उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया। इसी के साथ अब उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित अधिवक्ता के साथ एसएसपी से मिलने पहुंचे वकीलों ने जनसुनवाई अधिकारी एसपी क्राइम राम अर्ज के सामने आरोप लगाया कि आरोपित दरोगा पिछले 12 सालों से एसएसपी कार्यालय में ही जमा हुआ है। वकीलों की शिकायत सुनकर एसपी क्राइम ने मामले में जांच के बात कही है।
UP News : एसएसपी कार्यालय में तैनात दरोगा ने वकील को पीटा, फिर करा दिया मुकदमा
RELATED ARTICLES
