Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : एक-एक बेड पर दो-दो मरीज देख स्वास्थ्य राज्यमंत्री का...

UP News : एक-एक बेड पर दो-दो मरीज देख स्वास्थ्य राज्यमंत्री का चढ़ा पारा, अधिकारियों की ली क्लास

-कोई भी समस्या होने पर सीधे मुझसे करें सम्पर्क : अतुल गर्ग

गाजियाबाद(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने मंगलवार को घंटा घर स्थित एमएमजी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान इमरजेंसी वार्ड में एक-एक बेड पर दो-दो मरीज देखकर पारा गर्म हो गया और उन्होंने अस्पताल प्रबन्धन की जमकर क्लास ली। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में तत्काल अतिरिक्त बेडों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने अतिरिक्त बेडों की व्यवस्था की।

अतुल गर्ग आज अचानक एमएमजी अस्पताल पहुंचे तो वहां पर हड़कम्प मच गया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के हाल चाल जाने। निरीक्षण के बाद मंत्री ने बताया कि अस्पताल में भर्ती बच्चों के अभिभावकों से बच्चों की तबियत की जानकारी ली तथा अस्पताल के स्टाफ के व्यवहार और इलाज की व्यवस्था के बारे में पूछा तो सभी अभिभावकों ने इलाज व स्टाफ के व्यवहार के प्रति संतोष प्रकट किया। पुरुष व महिला वार्ड में भर्ती मरीजों ने मिलने वाले भोजन, बेड की चादर सहित सफाई व्यवस्ता के प्रति संतोष प्रकट किया। वहीं एक मरीज ने खराब पंखे की बात कही। मंत्री ने तुरन्त दूसरा पंखा लगाने के निर्देश दिए। मंत्री ने सीएमओ भवतोष को जल्दी ही डॉक्टरों की कमी को भी पूरी करने के लिए कहा।

श्री गर्ग ने इस अवसर पर कहा कि वह जनता के जनप्रतिनिधि है। यदि किसी व्यक्ति को किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो वह तुरन्त उनसे सम्पर्क करें। प्रत्येक मरीज को ओपीडी के बाद अस्पताल से ही दवाई मिल रही है। सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, ईसीजी, पैथॉलजी लैब जैसी जांचे फ्री में की जा रही है। नागरिकों का सरकारी अस्पताल में इलाज के प्रति विश्वस बढ़ा है। इसकी वजह से एमएमजी में प्रत्येक दिन लगभग 6 हजार मरीज इलाज के लिए पहुँच रहे हैं। इस अवसर पर सीएमएस अनुराग भार्गव, मंत्री प्रतिनिधि राजेन्द्र मित्तल, नवनीत गुप्ता, पार्षद राजेश शर्मा व मंत्री मीडिया प्रभारी नीरज गोयल भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular