वाराणसी (हि.स.)। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज निवासी 30 वर्षीय एक युवक ने एकतरफा प्रेम प्रसंग में विषाक्त पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। घटना से नाराज परिजनों ने शुक्रवार शाम युवक के शव को लेकर खजुरी तुलसी निकेतन के समीप चक्काजाम कर दिया। युवती की गिरफ्तारी की मांग कर परिजन हंगामा भी करने लगे। सूचना पर मौके पर पहुंचे पांडेयपुर चौकी इंचार्ज ने परिजनों को समझा बुझा कर जाम समाप्त करने के बाद शव को अन्तिम संस्कार के लिए भिजवाया।
हुकुलगंज खजुरी गोला निवासी अमित जायसवाल क्षेत्र के ही किसी लड़की से एकतरफा प्रेम करता था। लड़की की तरफ से प्रतिक्रिया न देख अमित ने गुरूवार की देर रात विषाक्त पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ती देख परिजनों ने उसे अस्पताल में दाखिल कराया। जहां तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से नाराज परिजनों ने शव को लेकर चक्का जाम कर दिया।
