– दो भाइयों के विवाद में पहुंची थी पुलिस -खेत से आलू खोदने को लेकर था विवाद
आगरा (हि.स.)। जनपद के थाना खंदौली क्षेत्र के गांव नेहर्रा में उप निरीक्षक प्रशांत यादव की हत्या के बाद पुलिस ने डेरा डाल लिया है। एडीजी जोन राजीव कृष्णा सहित कई पुलिस और प्रशाशनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना कर चुके हैं। कई टीमों का गठन कर हत्यारे की तालश में जुट गए हैं। दरअसल नेहर्रा निवासी विजय सिंह के दो पुत्र शिवनाथ और विश्वनाथ हैं। दोनों अलग-अलग रहते है। विजय सिंह ने अपने हिस्से का सात बीघा खेत अपने बड़े बेटे शिवनाथ को पट्टे पर दे दिया था। जिसका पट्टा विजय सिंह ने शिवदास से ले लिया था। शिवदास ने इस खेत में आलू बो दिए थे। अब उनकी खुदाई का समय आ गया था, लेकिन विजय सिंह का छोटा बेटा विश्वनाथ इस खेत में शिवनाथ से हिस्सा लेने की मांग कर रहा था और उसे आलू खोदने नहीं दे रहा था। इसी के चलते शिवनाथ ने थाना खंदौली में सूचना दी। बुधवार सुबह संरक्षक प्रशांत यादव पुलिस के साथ गांव पहुंच गए और शाम तक आलू की खुदाई करवा दी। इसी से गुस्साए विश्वनाथ ने उप निरीक्षक प्रशांत यादव को गोली मार दी, जो उनकी गर्दन में लगी। जिसमें उनकी मौत हो गई। आरोपी विश्वनाथ मौके से भाग गया। अब गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है, कई टीमें विश्वनाथ की तलाश में लग गई है। एडीजी जोन राजीव कृष्णा ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया है। आरोपी विश्वनाथ को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लग गई हैं। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। उप निरीक्षक प्रशांत यादव के परिजनों को अधिक से अधिक प्रशासन द्वारा सहायता दी जाएगी।
