मेरठ (हि.स.)। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश का पहला प्रांतीय सम्मेलन गुरुवार को मेरठ में हुआ। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। अगर उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे।
मेरठ में गुरुवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय सम्मेलन में 30 जनपदों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सम्मेलन में संगठन को विस्तार देने के लिए गाजियाबाद के प्रेमचंद गुप्ता को प्रांतीय उपाध्यक्ष, बदायूं के नवनीत शोन्टू को पश्चिमी संभाग युवा का प्रदेश अध्यक्ष, वृंदावन के आलोक बंसल और मेरठ के राजकुमार त्यागी को प्रदेश संगठन मंत्री बनाया गया। समापन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कहा कि गलत कानूनों की आड में व्यापारी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो व्यापार मंडल सरकार की ईंट से ईंट बजा देगा।
फूड एक्ट की विसंगतियों की चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मेरठ जनपद में ही इसके लिए 27 अथॉरिटी है। बड़े व्यापारियों के लिए एक काउंटर और छोटे व्यापारियों के लिए 27 अथॉरिटी का होना, यह व्यापारी उत्पीड़न का सबसे बड़ा नमूना है ।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी 02 महीने के कार्यक्रम भी तय किए गए। जिनमें सबसे पहले 13 सितंबर को एक ज्ञापन केन्द्रीय वित्त मंत्री के नाम दिया जायेगा। जिसमें लॉकडाउन के दौरान बैंकों के कर्ज के ब्याज माफ करने और बैंकों की वसूली पर 01 साल के रोक लगाने की मांग मुख्य रहेगी। दूसरा ज्ञापन 27 सितंबर को फूड एक्ट के विसंगति के खिलाफ दिया जायेगा। फूड एक्ट के जिला अभिहीत अधिकारी के कार्यालय पर धरना देकर वहां ज्ञापन सौंपा जाएगा।
तीसरा कार्यक्रम 11 अक्टूबर को लॉकडाउन के दौरान बिजली के बिल और उन पर सरचार्ज माफ किए जाने को लेकर ज्ञापन दिया जाएगा। बैठक में मीडिया प्रभारी विजय मान, प्रदीप गंगा, मनोज आगरा, जयदेव मुरादाबाद, नीरज जैन मुजफ्फरनगर, दीपू गर्ग बुलन्दशहर, रजनीश अग्रवाल बिजनौर, राधेश्याम अग्रवाल हाथरस, आलोक बंसल मथुरा, मनोज अग्रवाल सुल्तानपुर, निशंक अग्रवाल, रामौतार अग्रवाल, नरेश गोयल सहारनपुर, इसरार सिद्दीकी आदि उपस्थित रहें।
