घायल बच्ची को अस्पताल भेजकर, डीएम खुद भी गये अस्पताल
रायबरेली(हि.स.)। दुर्घटना में घायल बच्ची इलाज की उम्मीद लिए डीएम की चौखट पर पहुंच गई। इसके बाद जिलाधिकारी ने सक्रियता दिखाते हुए न केवल उसे अस्पताल भेजवाया, बल्कि अस्पताल में निरीक्षण के दौरान दो दलालों को जेल भी भेजवा दिया। जिलाधिकारी ने डाक्टरों को भी जमकर फटकार लगाई।
दरअसल, राही निवासी कोमल शुक्रवार देर रात एक दुर्घटना में घायल हो गई थी। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने संवेदनहीनता दिखाते हुए उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। बच्ची के परिजन बेहद गरीब हैं, जिससे वह लखनऊ उसे नहीं ले जा पाए और कुछ उम्मीद लिए शनिवार को जिलाधिकारी की चौखट पर पहुंचे। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बच्ची की हालत देखी तो आश्चर्य चकित हो गए और उसे आनन फानन में जिला अस्पताल भेजवाया और वह दल-बल के साथ जिला अस्पताल पहुंच गए।
डीएम ने अस्पताल पहुंचकर यहां इमरजेंसी से लेकर कई वार्डो का निरीक्षण किया। अस्पताल की इमरजेंसी में दो दलाल भी पकड़े गए। डीएम ने पुलिस को निर्देश दिया कि इनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। इसके बाद डीएम सीधे सीएमएस के रुम में पहुंच गए। उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर चेक किया तो कई डॉक्टर और कर्मचारी नदारद थे। हद तो ये रही कि कई डॉक्टर की रजिस्टर पर साइन मौजूद थी लेकिन डॉक्टर हॉस्पिटल में मौजूद नहीं थे। इस पर डीएम ने कड़ी फटकार लगाया।
