-कानून की हत्या के लिए जाना जाएगा योगी सरकार का कार्यकाल: नेता प्रतिपक्ष
-नेता प्रतिपक्ष ने प्रतापगढ़ के पीड़ित परिवारों को सौंपा राहत राशि का चेक
प्रतापगढ़ (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष, उत्तर प्रदेश रामगोविंद चौधरी ने शनिवार को यहां कहा कि अम्बानी और अडानी समूह की सेवा को समर्पित केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल को इतिहास के पन्नों में किसान हत्यारी सरकार के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार द्वारा की जा रही लूट की तुलना अंग्रेजी सल्तनत की लूट से की जाएगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस तरह से लोग जर्मनी के तानाशाह हिटलर और रोम के बादशाह नीरो का नाम लेने से शर्मिंदा होते हैं, उसी तरह से मोदी सरकार में शामिल लोगों का भी नाम लेने से अन्न खाने वाले लोग शर्मिंदा होंगे।
नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी शनिवार को प्रतापगढ़ में पीड़ितों को समाजवादी पार्टी की तरफ से राहत राशि का चेक देने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने सुना था कि अंग्रेजी सल्तनत का एक लक्ष्य था कि किसी भी तरह से भारत और भारत की जनता को निचोडा जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान मोदी सरकार ने भी अंग्रेज शासकों की तरह ही देश की जनता को निचोड़ने के लिए आनन फानन में नोटबन्दी की, कारपोरेट का कर्जा माफ किया, उनके कर्जे को एनपीए में डाला और आम आदमी को उसके अपने ही पैसे के लिए बैंकों के सामने लाइन में खड़ा कर दिया।
उन्होंने कहा कि हमने देख लिया कि मोदी सरकार के द्वारा आम आदमी को निचोड़ने के लिए किस तरह से जीएसटी थोपा गया। किस तरह से पेट्रोल, डीजल और रसोईं गैस का लगातार दाम बढ़ाया जा रहा है। किस तरह से भारत में कोरोना को लाने के लिए नमस्ते ट्रम्प का आयोजन किया गया। कोरोना के नाम किस तरह से करोड़ों लोगों की रोजी रोटी छीन ली गई और कैसे अम्बानी-अडानी समूह को लाभ पहुंचाने के लिए तीन नए कृषि कानूनों को किसानों पर जबरदस्ती थोप दिया गया और कैसे इसका विरोध करने पर उन्हें मरने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमने सुना था कि हिटलर के कार्यकाल में सच बोलने वाले लोग मौत के घाट उतार दिए जाते थे। वर्तमान में हमने देख लिया कि मोदी सरकार खेती बारी और किसानी की रक्षा की मांग करने वालों को किस तरह मरने के लिए मजबूर कर रही है। हमने सुना था कि हिटलर के कार्यकाल में वही हीरो थे, जो सच बोलने वालों का कतल कर रहे थे, हमने देख लिया कि दिली को दंगे की आग में झोंकने वालों को किस तरह सम्मानित किया जाता है। हमने सुना था कि रोम जल रहा था और वहां का सम्राट नीरो वंशी बजा रहा था। हमने देख लिया कि अपनी खेती बारी किसानी बचाने के लिए एक करोड़ से अधिक किसान इस कड़कड़ाती ठंड में दिल्ली के बार्डर पर कंपकपा रहे हैं, आए दिन शहीद हो रहे हैं और मोदी सरकार जगह जगह सम्मेलन कर इसे ही अपनी उपलब्धि के रूप बखान कर रही है। उन्होंने कहा कि उप्र में योगी सरकार तो इसे लेकर केंद्र से भी आगे है। वह कानून की धज्जी उड़ाने को ही अपनी उपलब्धि बता रही है।
रामगोविंद चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज सरकार में नहीं हैं। फिर भी वह लोगों के आंसू पोछने की कोशिश करते हैं। उनकी इसी कोशिश के तहत ही आज मैं प्रतापगढ़ आया हूं। उन्होंने कहा कि जो लोग आज सरकार में हैं, जिन्हें सहृदय होना ही चाहिए, उनका आचरण ठीक इसके विपरीत है। वे लोगों का आंसू पोछने की जगह, उन्हें खून के आंसू बहाने के लिए मजबूर करने को ही देश सेवा मान लिए हैं और इसे ही नथुना फुला फुला कर अपनी उपलब्धि बता रहे हैं। कृषि कानूनों को थोपने और इसे लेकर शहीद हो रहे किसानों के मामलों में मोदी सरकार का अभी तक यही रूप सामने आया है। इसलिए मैं कह रहा हूँ कि इतिहास के पन्नों में मोदी सरकार को किसान हत्यारी सरकार और योगी सरकार को कानून हत्यारी सरकार के कार्यकाल के रूप में याद किया जाएगा। लोग हिटलर और नीरो की तरह इनका नाम लेने पर शर्मिन्दा होंगे। यहां सौंपे आर्थिक मदद के चेक
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर नेता प्रतिपक्ष रामगोबिंद चौधरी ने आज लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सगरा सुन्दरपुर बाबूतरा गांव के निवासी मकबूल के परिजनों को पार्टी की तरफ से एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक दिया। मकबूल की बीते 20 सितंबर को पुलिस की पिटाई से मौत हो गई थी।
इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने कुण्डा के जिगारपुर गांव पहुंचे जहां के 13 लोगों की पिछले दिनों एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उन्होंने इस गांव के भी पीड़ित परिजनों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष के साथ प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवाकांत ओझा, विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी संजय पांडेय समेत कई सपा नेता रहे मौजूद रहे।
