मथुरा (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) ने बुधवार को शिवाजी महाराज का राज्यारोहण दिवस मनाया। जगह-जगह शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया।
गौरतलब हो कि अपनी सनातन विक्रमी संवत के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी तिथि को शिवाजी महाराज का राज्यारोहण हुआ था। इस तिथि को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ “हिन्दू साम्राज्य स्थापना दिवस” के नाम से अपने अनिवार्य कार्यक्रमों में सम्मिलित करके मनाता आ रहा है। प्रतिवर्ष इस दिन स्वयंसेवक शिवाजी महाराज के चित्र के सम्मुख पुष्प चढ़ा के एवं उनके जीवन के ऊपर बौद्धिक सुनकर यह उत्सव मनाते आ रहे हैं, पर लॉकडाउन के कारण इस वर्ष स्वयंसेवकों के लिए एक जगह एकत्रित होकर मनाना संभव नहीं था। इस कारण से इस त्योहार को ऑनलाइन ही मनाने का निर्णय लिया गया।
बुधवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मथुरा महानगर के अन्तर्गत आने वाले 10 नगरों में अलग-अलग ऑनलाइन कार्यक्रम गूगल मीट एप्लिकेशन के द्वारा आयोजित हुए। कार्यक्रम के प्रारंभ में विधिवत गणगीत हुआ, तत्पश्चात पहले से तय स्वयंसेवक बंधुओं ने परम पवित्र भगवा ध्वज को घरों में यथा स्थान आसीन कराया एवं शिवाजी महाराज के चित्र के सम्मुख पुष्प चढ़ाए। उसके बाद अमृत वचन का पाठन हुआ एवम् एकल गीत के पश्चात अतिथियों का बौद्धिक हुआ।
शिवाजी महाराज के जीवन चरित्र व उनके रणनीति कौशल के बारे में बताया गया। उन्होंने बताया कि शिवाजी महाराज का राज्यारोहण किन प्रतिकूल परिस्थितियों में हुआ एवं वही एक मात्र ऐसे राजा हुए जिन्होंने अपने जीवन का एक भी युद्ध नहीं हारा, बौद्धिककर्ताओं ने बताया कि शिवाजी की गुरिल्ला युद्ध प्रणाली का तो वियतनाम देश ने अपने यहां अपना कर विजय भी प्राप्त की। ऐसा उस देश के राष्ट्राध्यक्ष के बयान से पता चलता है, इसके पश्चात नगरों के संघचालकों ने बौद्धिक देने वाले अतिथियों का धन्यवाद किया।
अंत में संघ की प्रार्थना कर एवं सम्मान पूर्वक ध्वज उतार कर कार्यक्रम का समापन किया गया। सभी कार्यक्रमों को सम्पन्न कराने में मनीष, अखिलेश, राजकुमार द्वारिकेश, मनोज, रणवीर, धर्मेन्द्र, अजय, अनिल, पुरुषोत्तम, चन्द्रभान, कालीचरण, राजकुमार गोकुल का विशेष योगदान रहा।
UP News : आरआरएस ने मनाया शिवाजी महाराज का राज्यारोहण दिवस
RELATED ARTICLES
