लखनऊ : उत्तर प्रदेश में कोरोना का संक्रमण कम होता देख राज्य सरकार ने प्रदेश भर के अस्पतालों में शुक्रवार से ओपीडी और आइपीडी की सेवाएं कोरोना प्रोटोकाल के साथ शुरू करने का निर्णय किया है। इस बारे में अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को एक आदेश भी जारी कर दिया।
प्रदेश के सभी डीएम, सीएमओ व सीएमएस को भेजे इस आदेश में शुक्रवार से जिले के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी व आईपीडी सेवा शुरू करने को कहा गया है। सभी पीएचसी, सीएचसी, जिला अस्पताल, मंडलीय अस्पताल व विशेष प्रयोजन के लिए बनाए गए अस्पतालों में फीवर क्लीनिक व फ्लू कार्नर बनाए जाएंगे।
जिला अस्पतालों में सर्जिकल ओपीडी ही अभी शुरू होगी और मरीजों का आपरेशन किया जाएगा। आपरेशन से पूर्व रोगियों की कोरोना जांच कराई जाएगी। आदेश के अनुसार सभी जिला अस्पतालों में पोस्ट कोविड केयर सेंटर भी चलाए जाएंगे। पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुसार यहां फिजिशियन, फिजियोथेरेपिस्ट व मानसिक रोग विशेषज्ञ की टीम काम करेगी।
