Monday, February 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड में कराएं रजिस्टेशन, उठायें...

UP News : असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड में कराएं रजिस्टेशन, उठायें योजनाओं का लाभ : अपर श्रमायुक्त

-श्रमिक संगठनों के साथ बैठक कर अपर श्रमायुक्त ने कर्मकारों का रजिस्टेशन करवाने की अपील की

लखनऊ (हि.स.)। असंगठित कर्मकारों के कल्याण के लिए ही प्रदेश सरकार ने उप्र राज्य सामाजिक सुरक्षा बोर्ड का गठन किया है। 15000 रुपये प्रतिमाह से कम वेतन पाने वाले 45 श्रेणियों के कर्मकार 60 रुपये पांच वर्ष का रजिस्टेशन शुल्क जमाकर इसमें पंजीयन करा सकते हैं। इसमें पंजीयन कराने वाले श्रमिकों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ ही मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना अंतर्गत मुत्यु की दशा में दो लाख तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसमें की अन्य सुविधाएं भी श्रमिकों को मिलती है। ये बातें लखनऊ परिक्षेत्र के अपर श्रमायुक्त बीके राय ने कही। वे कल्याणकारी योजनाओं के संदर्भ में जागरूकता संबंधी बैठक में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि कर्मकारों की श्रेणी में मुख्यत: चिकन जरी जरदौजी, घरेलू कर्मकार, मोची, धोबी, दर्जी, नाई, फुटकर दुकानदार, हाकर, आटो चालक, लघु किसान आएंगे। इसमें रजिस्टे्शन कराने के लिए किसी आफिस का चक्कर लगाने की भी जरूरत नहीं है। पंजीयन बोर्ड की वेबसाईट upssb.in पर जाकर स्वयं कर्मकार अपना रजिस्टेशन कर सकते हैं या जनसेवा केंद्रों से भी पंजीयन कराया जा सकता है। हर कर्मकार को इसमें पंजीयन कराकर सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का लाभ लेना चाहिए।

इस बैठक में सहायक श्रमायुक्त आरएम तिवारी ने कहा कि श्रमिक यूनियनों को इसके लिए आगे आने की जरूरत है। सभी यूनियन अपने संगठन के सदस्यों के साथ ही दूसरे श्रमिक वर्ग में भी प्रचार कर इस योजना के प्रति बतायें, जिससे कि सभी पात्र लोगों इसका लाभ मिल सके। इस बैठक में सहायक श्रमायुक्त यशवंत कुमार के अतिरिक्त लखीमपुर खिरी के सहायक श्रमायुक्त महेश कुमार पांडेय उपस्थित रहे।

वरिष्ठ श्रम प्रवर्तन अधिकारी आरएल पटेल एवं पवन कुमार ने पंजीयन एवं योजनाओं की प्रगति के संदर्भ में अपर श्रमायुक्त को अवगत कराया। श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि भारतीय मजदूर संघ के हरि शरण मिश्र, सुशील श्रीवास्तव, हिंद मजदूर सभा के प्रांतीय महामंत्री उमाशंकर मिश्र, सीटू के प्रेमनाथ राय, असंगठित कर्मकार यूनियन की रेनू कुशवाहा, अमीनाबाद व्यापार मंडल से कैलाश पिपलानी आदि मौजूद रहे। कार्यशाला में प्रतिभाग करने वाले सभी श्रमिक प्रतिनिधियों व अधिकारियों को सहायक श्रमायुक्त यशवंत कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular