लखनऊ (हि.स)। अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति बताकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के सरगना समेत तीन लोगों को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से गौतमबुद्ध की मूर्ति बरामद हुई है।
पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही ने बताया कि जानकारी मिली की कुछ बदमाश प्राचीन मूर्ति को बिक्री करने के लिए सफदरगंज आ रहे हैं। इसके बाद उपनिरीक्षक सत्येन्द्र विक्रम सिंह अपनी टीम के साथ सफदरगंज चौराहे के पास से मोटर साइकिल सवार तीन युवकों को धर दबोचा।
पूछताछ पर अभियुक्तों ने अपना नाम गोंडा निवासी रामनरेश, राघवेन्द्र प्रताप सिंह और बलरामपुर निवासी संतोष कुमार बताया है। यह भी बताया कि वह तीन मिलकर एक संगठित गिरोह चलाते हैं। वजनदार मूर्तियों को खरीदकर उसको अष्टधातु की मूर्ति बताकर लोगों को बेचते और मोटी रकम कमाते हैं। एसटीएफ ने पकड़े गए अभियुक्तों को अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
