फिरोजाबाद (हि.स.)। खैरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शेखपुरा में बीते दिनों अवैध शराब पीने से हुई तीन लोगों की मौत के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुये सोमवार को गांव से तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके खिलाफ कार्रवाई जेल भेजा है।
एसपी ग्रामीण राजेश कुमार ने बताया कि 17 नवम्बर को खैरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शेखपुरा में अवैध शराब पीने से तीन व्यक्तियों की मृत्यु हो गई थी। घटना पर एसएसपी सचिन्द्र पटेल ने एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह व थाना प्रभारी खैरगढ़ नरेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर अवैध शराब बनाकर बेचनें वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये थे।
उन्होंने बताया कि एसओजी व थाना खैरगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध देशी शराब बनाकर बेचने वाले गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शराब तस्करों के नाम सत्यवीर उर्फ व्यापारी पुत्र रामभान, श्यामवीर पुत्र महेन्द्र सिंह व घासीराम पुत्र रामप्रसाद उर्फ मोटे निवासीगण ग्राम शेखपुरा थाना खैरगढ़ हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 44 शराब के क्वार्टर, रैपर की तीन शीट, एल्कोहल 40 लीटर, भारी मात्रा में खाली ढक्कन बरामद किये हैं।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने आस-पास के गांव व मृतक व्यक्तियों को अवैध शराब बेचना स्वीकार किया है। उन्होंने इस कार्य में संलिप्त अपने अन्य साथियों के नाम भी बताये हैं। जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिशें दे रही है। उन्हें भी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।
