मेरठ (हि.स.)। नगर निगम के वार्ड चार की पार्षद के पति पर अवैध वसूली और मारपीट का आरोप लगाते हुए सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को हंगामा कर दिया। सफाई कर्मचारी नेताओं की शिकायत के बाद भाजपा विधायक सोमेंद्र तोमर ने पार्षद पति को जमकर लताड़ा। सफाई कर्मचारियों ने नगर आयुक्त से भी पूरे प्रकरण की शिकायत की है।
सफाई कर्मचारी नेता कैलाश चंदोला ने बताया कि बुधवार को सफाई नायक मनोज कुछ महिला और पुरुष सफाई कर्मियों को लेकर शेरगढ़ी में सफाई करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान भाजपा पार्षद सुनीता भारती के पति जगपाल ने सफाई कर्मचारियों से 10 हजार रुपये महीना देने की मांग करते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर पार्षद पति ने सफाई नायक की पिटाई कर डाली।
घटना के बाद सफाई कर्मचारी नेता कैलाश चंदोला सहित कई अन्य लोग मेरठ दक्षिण विधायक सोमेंद्र तोमर से मिले। उन्होंने आरोपित पार्षद पति की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद विधायक ने फोन पर ही पार्षद पति की जमकर क्लास लगाई। इस मामले में सफाई कर्मचारी नेताओं ने नगर आयुक्त मनीष बंसल से भी आरोपित पार्षद पति की शिकायत की है।
