संतकबीरनगर (हि.स.)। भाजपा विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे पर गाली-गलौज और मारपीट का सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़ित शख्श ने एसपी को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामला पॉवर कॉरपोरेशन के अवर अभियंता अश्वनी पांडेय से जुड़ा है, जिन्होंने सदर विधायक जय चौबे और सेमरियावां ब्लॉक प्रमुख मुमताज अहमद सहित 15 अन्य अज्ञात पर गाली देने और मारने पीटने का गंभीर आरोप लगाया है।
अवर अभियंता अश्विनी पांडेय के मुताबिक बीते दिनों जब उनके द्वारा कोतवाली क्षेत्र के घोरखल स्थित गैस गोदाम के पास अवैध तरीके से लाइन खींचे जाने का विरोध किया गया और लाइन नही खींचे जानी दी तब उनके सीयूजी नम्बर 9453047468 पर 9140256656 से एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को विधायक जय चौबे बताते हुए उन्हें अपने ख़लीलाबाद आवास पर बुलाकर गाली दी और उन्हें मारा पीटा। इस दौरान सेमरियावां ब्लॉक प्रमुख मुमताज अहमद ने भी उन्हें मारापीटा और भद्दी भद्दी गालियां दी।
अवर अभियंता ने अपने आरोप में कहा कि विधायक जय चौबे और प्रमुख मुमताज अहमद के अलावा विधायक आवास पर मौजूद पंद्रह अन्य लोगों ने भी उन्हें मारा पीटा, जिससे वो घायल हो गए थे। तत्काल पुलिस से शिकायत क्यों नही की के सवाल पर अवर अभियंता अश्विनी पांडेय ने बताया कि वो विधायक और प्रमुख के आतंक से डर गए थे।
गौरतलब हो कि, यह पूरी घटना बीते साल 30 दिसम्बर की है। फिलहाल एसपी ने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौप कर रिपोर्ट मांगी है। पूरे मामले पर सीओ सदर गयादत्त मिश्र ने जांच कर आगे की कार्यवाही की बात कही है। वहीं इस पूरे मामले पर जब विधायक और प्रमुख से बातचीत करने की कोशिश की गई तो दोनों से फोन पर तकनीकी वजहों से संपर्क नहीं हो सका जिसके चलते उनका पक्ष नही सामने आ सका।
