देवरिया (हि.स.)। देवरिया उपचुनाव में भाजपा के समर्थन में अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक औरा चौरी स्थित पार्टी कार्यालय में सोमवार को हुई।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यसभा सांसद सैयद जफर इस्लाम ने बताया कि अल्पसंख्यकों के शैक्षणिक और आर्थिक स्तर को सुधारने के लिए मोदी सरकार नई योजना लेकर आई हैं। उन्हें रोजगार मुहैया कराने के लिए केंद्र सरकार ने एक बार फिर टर्म लोन योजना शुरू किया है। इसके तहत अल्पसंख्यकों को उद्योग धंधे स्थापित करने के लिए मात्र छह फीसद ब्याज पर 20 लाख रुपये तक का कर्ज दिया जाएगा। इससे वे अपने उद्योग धंधे लगा सकेंगे। अल्पसंख्यकों के बच्चों को प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई के लिए कर्ज भी दिया जाएगा। रोजगार और शिक्षा के लिए यह ऋण बैंक नहीं, बल्कि अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम देगा।
अल्पसंख्यकों को स्वरोजगार से जोडने के लिए टर्म लोन योजना पहले भी चली थी लेकिन, 2005 में कांग्रेस के शासन काल में इसे बंद कर दिया गया था। अब मोदी सरकार ने फिर यह योजना शुरू किया। इस योजना के तहत उद्योग धंधे स्थापित करने के लिए अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम की ओर से अल्पसंख्यक समाज के लोगों को मात्र छह फीसदी ब्याज पर 20 लाख रुपये तक का ऋण दिया जाएगा। इस योजना में मुस्लिम समाज के लोग लाभांवित हो सकेंगे। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी बनेगी, जो लाभार्थियों का साक्षात्कार लेगी। कमेटी की मंजूरी के बाद ही उसे लोन मिल सकेगा।
