रायबरेली(हि. स.)। सरकार मिशन शक्ति योजना के सहारे जहां महिलाओं को सशक्त करने में जुटी है, वहीं कुछ सरकारी कर्मचारी ही महिलाओं को गालियों से नवाज रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत लेखाकार द्वारा महिला शिक्षक को गाली देने का ऑडियो सामने आने पर हड़कंप मचा हुआ है।हालांकि बाद में विभाग की किरकिरी होने पर लेखाकार को हटाकर जांच शुरू कर दी गई है।
रायबरेली जिले के ब्लॉक संसाधन केंद्र बछरावां का है। यहां तैनात बीईओ बछरावां के दाहिने हाथ एकाउंटेंट निलेश श्रीवास्तव से एक शिक्षक ने फोन पर अपनी चयन वेतनमान की फाइल भेजने के बारे में जानकारी की इस पर लेखाकार नीलेश श्रीवास्तव भड़क गए। उन्होंने कंपोजिट विद्यालय थुलेंडी की एक शिक्षिका का नाम लिए बिना उसे भद्दी-भद्दी गालियां देना शुरू कर दिया।
एकाउंटेंट नीलेश श्रीवास्तव ने कहा कि उस शिक्षिका ने उनको फाइल के लिए फोन किया था और उसके बाद मां- बहन की गालियां देने लगे। फोन पर ही लेखाकार ने शिक्षिका को चारित्रिक रूप से भी अपमानित किया। एकाउंटेंट ने कहा कि शिक्षिका ने उनसे फाइल के बारे में पूछा तो उन्होंने कह दिया कि फाड़कर फेंक दिया है। यह भी धमकी दी कि अब वह उस शिक्षिका की फाइल नहीं होने देंगे। इस बातचीत के दौरान स्पष्ट हो रहा है कि चयन वेतनमान की फाइलों में भी खंड शिक्षा अधिकारी बछरावां पद्म शेखर मौर्य वसूली करवाते हैं। क्योंकि शिक्षिका स्पष्ट कह रही है कि सारे लोगों का इकट्ठा करके जांच करवा ले। बीईओ के सारे कार्य यही एकाउंटेंट देखता है।
ऑडियो के वायरल होने के बाद अब पीड़ित शिक्षिका ने बीएसए से लेकर जिलाधिकारी तक लिखित शिकायत कर एकाउंटेंट के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। आरोपी को हटाते हुए इसकी जांच करवाई जा रही है जो भी तथ्य निकल कर सामने आएंगे कार्रवाई की जाएगी।
