Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : अंधेरी रात में सड़क पर उतरे पुलिस उपमहानिरीक्षक, नाइट...

UP News : अंधेरी रात में सड़क पर उतरे पुलिस उपमहानिरीक्षक, नाइट कर्फ्यू की हकीकत से रू-ब-रू हुए

अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के निर्देश

गाजियाबाद(हि. स.)। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी पूरे उत्तर प्रदेश की तरह शनिवार एवं रविवार को नाइट कर्फ्यू लागू है। नाइट कर्फ्यू की जमीनी हकीकत जानने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक अमित पाठक /वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शुक्रवार की देर रात को खुद सड़कों पर उतरे और कर्फ्यू की बारीकी से समीक्षा की।

पाठक ने हापुड चुंगी, आरडीसी मार्केट एवं पुराना बस अड्डा आदि स्थानों का भ्रमण किया तथा रात्रि कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों के विरुद्व कार्रवाई एवं शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पूर्णत: पालन कराने का अधिकारियों को निर्देश दिए।

राजनगर डिस्टिक सेंटर (आरडीसी ) में उन्होंने रेस्टोरेंट एवं होटलों में जाकर खुद देखा कि वहां पर क्या व्यवस्था है। उन्होंने सड़कों पर भी इस बात की जांच की कि क्या वास्तव में शासन द्वारा निर्धारित किए गए समय के दौरान नाइट कर्फ्यू लगाया जाता है या नहीं । इसके बाद अमित पाठक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शासन के अनुरूप नाइट कर्फ्यू का अनुपालन कराएं ताकि कोरोना से लोगों का बचाव हो सके और संभावित तीसरी लहर को रोका जा सके।

इससे पहले पुलिस उपमहानिरीक्षक ने पुलिस लाइन में अपराध पर एक गोष्ठी का आयोजन किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर अपराधियों को खुली छूट नहीं दी जानी चाहिए बल्कि सभी थानाध्यक्ष, पुलिस क्षेत्राधिकारी, अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार बाजारों में खास तौर पर सर्राफा,बैंक, भीड़ भाड़ वाले बाजारों में ,संवेदनशील स्थानों व प्रमुख चौराहों पर भ्रमण करते रहें। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं व्यापारियों के साथ मीटिंग कर उनमें सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए व्यापारिक संगठन के पदाधिकारियों के साथ वार्ता कर वांछित सहयोग के निर्देश दिए। बैठक में डकैती /लूट /छिनैती के लंबित,हत्या के लंबित अभियोगों,विवेचनाओं के निस्तारण,जन शिकायत रजिस्टर,महिला हेल्प डेस्क, जमानतदार वैरीफिकेशन, जमानत निरस्तीकरण समेत अपराधों से जुड़े कई बिंदुओं की समीक्षा की। पुलिस उपमहानिरीक्षक की बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. इरज राजा, पुलिस अधीक्षक नगर (प्रथम) निपुण अग्रवाल एवं द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular