UP News : पत्नी ने छोड़ा साथ तो नाराज पति ने लगाई फांसी, मौत

– शादी के बाद पति-पत्नी के बीच आए दिन होता था विवाद

– पति से तकरार के बाद एक वर्ष से मायके रह रही पत्नी

मीरजापुर (हि. स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के पटेहरा चौकी अंतर्गत पिपराव गांव निवासी युवक ने पारिवारिक कलह के चलते गुरुवार की रात फांसी लगाकर जान दे दी। युवक की पत्नी एक वर्ष से मायके रह रही थी। इससे वह काफी परेशान चल रहा था।

पिपराव गांव निवासी सुरेश (25) की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के कुछ दिनों में ही पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होने लगा। शादी के छह माह बाद पत्नी मायके चली गई। तब से आज तक वापस नहीं आई। महिला को छह माह की एक बच्ची है। पत्नी से तकरार के बाद परेशान युवक की परिवार से भी गुरुवार की रात विवाद हो गई। नाराज युवक खाना खाने के बाद कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद पहले विषाक्त पदार्थ का सेवन किया, फिर बड़ेर के सहारे गमछे से फांसी पर झूल गया।

सुबह जब स्वजन युवक के कमरे की ओर गए तो दरवाजा बंद मिला। ग्रामीणों की मदद से तत्काल युवक को फांसी के फंदे से नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी पटेहरा रामनिवास कुशवाहा ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

error: Content is protected !!