Monday, March 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News:बैंक कर्मचारियों को बाथरूम में बंद कर 57 लाख की लूट

UP News:बैंक कर्मचारियों को बाथरूम में बंद कर 57 लाख की लूट

प्रादेशिक डेस्क

आगरा। आगरा-ग्वालियर हाईवे के रोहता स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में मंगलवार को सरेशाम डाका पड़ा। फिल्मी अंदाज में बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर धमकाया। करेंसी सेफ को खुलवाकर 56.94 लाख रुपये बैग में भर लिए। जाते-जाते सीसीटीवी कैमरों पर नजर पड़ी तो कंप्यूटर की डीवीआर भी निकाल ले गए। बैंक डकैती की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। एडीजी जोन, आईजी रेंज, एसएसपी मौके पर पहुंच गए। नाकाबंदी करके बार्डर स्कीम लागू की गई। मगर बदमाशों का सुराग नहीं मिला।
एसपी सिटी रोहन बोत्रे प्रमोद के मुताबिक, शाम करीब पांच बजे रोहता स्थित न्यू सुरक्षा विहार कालोनी के सामने हाईवे पर आईओबी की ब्रांच है। गेट बंद कर बैंक में कैश मिलान हो रहा था। एक युवक ने चैनल खटखटाया। बाहर लगा एटीएम खराब बताया। डिप्टी मैनेजर बाहर आए। यकायक चार बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया। घसीटते हुए अंदर ले गए। एक बदमाश ने तेज आवाज में हथियार लहराते हुए चेतावनी दी-ज्यादा होशियारी की तो गोली मार देंगे। तीन बदमाशों के पास तमंचे और एक के हाथ में चाकू था। कर्मचारियों के होश उड़ गए। बदमाशों ने सभी कर्मचारियों को एक जगह खड़ा कराया। उनके मोबाइल छीन लिए। उनको धकियाते हुए बाथरूम में ले गए। धक्का देकर अंदर कर दिया। पूछा कि करेंसी सेफ की चाबी किसके पास है। डिप्टी मैनेजर विवेक को बाहर निकाला। सेफ खुलवाकर कैश लूट लिया। फिर कैशियर के केबिन को खंगाला। वहां मिले कैश को भी बैग में भर लिया। डिप्टी मैनेजर को दोबारा बाथरूम में ले जाकर बंद कर दिया। बैंककर्मियों से कहा कि शोर मचाया तो घर तक आकर मारेंगे। सब पता है, कौन कहां रहता है।

यह भी पढ़ें : बसपा के दिग्गज नेता रमेश गौतम व मसूद खां पार्टी से निष्कासित

चलते-चलते मैनेजर के केबिन के बराबर में लगे सीसीटीवी के डीवीआर पर नजर पड़ी। तार काटकर उसे निकाल लिया। सनसनीखेज वारदात को दस मिनट के भीतर अंजाम देकर बदमाश भाग निकले। इसके बाद एक महिला बैंक आई। उसने चीखने की आवाज सुनीं तो बाथरूम का दरवाजा खोला। तब कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। इंडियन ओवरसीज बैंक की रोहता शाखा बुंदूकटरा पुलिस चौकी से मात्र 200 मीटर दूर है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चार बदमाश बैंक में घुसे। एक बाहर पहरेदारी करता रहा। वारदात की सूचना से पुलिस के होश उड़ गए। आईओबी रोहता शाखा में अनीता मीना बैंक मैनेजर हैं। विवेक डिप्टी मैनेजर, प्रिशांकी बघेल कैशियर, शशांक क्लर्क और पुनीत अस्थाई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। जिस वक्त डकैत बैंक में घुसे चार कर्मचारी अंदर थे, एक बाहर गया था। एडीजी जोन अजय आनंद का कहना है कि बैंक डकैती की घटना को लेकर पुलिस ने बॉर्डर स्कीम और नाकाबंदी भी की। बदमाशों को पकड़ने के लिए पांच पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। वारदात को अंजाम देने के तरीके से लगता है कि बदमाश बैंक के रुटीन और शाखा से पूरी तरह परिचित थे, जल्द ही डकैतों को दबोच लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें : पत्नी और दो बच्चों की मौत से आहत युवक ने लगा ली फांसी

UP News:बैंक कर्मचारियों को बाथरूम में बंद कर 57 लाख की लूट
RELATED ARTICLES

Most Popular