जानकी शरण द्विवेदी
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई में सबसे ताकतवर माने जा रहे व्यक्ति की विदाई की बेला करीब आ चुकी है। पिछले 9 सालों से महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभाल रहे सुनील बंसल को केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही नई जिम्मेदारी सौंप सकता है। यह बदलाव पार्टी संगठन और योगी सरकार में अंदरूनी घमासान के चलते बहुत जल्द देखने को मिलने वाला है। चर्चा है कि योगी सरकार 2.0 में सुनील बंसल का कद तुलनात्मक रूप में काफी कम हो गया है। इससे दुखी बंसल ने शीर्ष नेतृत्व से वर्तमान जिम्मेदारी से मुक्त करने का प्रस्ताव रखा है। दूसरी तरफ चर्चा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की लॉबी इस बार इस महत्वपूर्ण पद पर अपने पसंद के व्यक्ति को बैठाने के लिए लामबंद होती दिख रही है। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान जब भी भाजपा संगठन की बैठक हुई, उनमें योगी सरकार और संगठन में दूरियां स्पष्ट दिखाई पड़ने लगी थीं। एक बैठक का नजारा काफी चर्चा का विषय बना, जिसमें मंच पर अगल-बगल बैठने के बाद भी योगी और बंसल ने पूरे बैठक के दौरान एक दूसरे से बिल्कुल बात नहीं की। यह नजारा सिर्फ सीएम योगी और सुनील बंसल के बीच ही नहीं, बल्कि बंसल के सबसे करीबी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के साथ भी देखने को मिला। यह दूरियां चुनावी रैलियों में भी देखने को मिली। मंच पर एक साथ होने के बाद भी केशव मौर्या ने अपने कई भाषण में सीएम योगी का नाम तक नहीं लिया। वह भी तब, जब मंच पर पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा भी मौजूद रहे। यूपी में संगठन और सरकार के बीच बढ़ते अंतर्कलह को देखते हुए हाईकमान अब सुनील बंसल के विकल्प के बारे में सोच रहा है। पार्टी में चर्चा इस बात पर भी है कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल कौन बिठा सकता है? पार्टी नेतृत्व कुछ नामों पर विचार कर रहा है। सुनील बंसल को केंद्रीय संगठन में जोड़ने पर विचार चल रहा है। बंसल को राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री बनाया जा सकता है। कुछ लोगों का मानना है कि राजस्थान में चुनाव होने वाले है। वहां भी उनको बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
यह भी पढें : ननद-भाभी गैंगरेप में नया मोड़, भाभी समेत 5 और गिरफ्तार
2017 में योगी सरकार के सत्ता में आने के बाद सरकार से संगठन तक सबसे ज्यादा पावरफुल नाम सुनील बंसल का ही रहा। संगठन के सभी बड़े फैसले एकतरफा रूप से वह लेते ही रहे, सरकार में भी उनका खासा दखल रहता था। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर नौकरशाह तक बंसल दरबार में हाजिरी लगाते रहे। मगर, 2019 के लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद योगी ने सरकार में संगठन के दखल को कम करना शुरू कर दिया। बीच में एक अवसर तो ऐसा भी आया, जब संगठन और सरकार में यह चर्चा आम हो गई थी कि योगी अब आर-पार के मूड में हैं। 2014 में लोकसभा चुनाव के करीब एक साल पहले यूपी में सुनील बंसल का नाम सामने आया था। इनको लगभग पूरी तरह से भाजपा की कमान सौंप दी गई थी। 2014 में भाजपा को मिली रिकॉर्ड सफलता के बाद बंसल के कद के आगे यूपी भाजपा के सभी बड़े नेता बौने साबित होने लगे थे। सबसे पहले बंसल ने तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई को हटाने का काम किया। उनकी जगह अपने खास केशव मौर्या को प्रदेश अध्यक्ष बनवाया। इससे प्रदेश भाजपा में साफ संदेश गया कि अमित शाह के सबसे खास आदमी सुनील बंसल ही हैं, किन्तु चर्चा है कि अब उनके दिन भी पूरे हो चुके हैं। हालांकि जानकार बताते हैं कि शासन पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए दिल्ली दरबार और मुख्यमंत्री के बीच जोर आजमाइश चलती रही है। राज्य के मुख्य सचिव पद से आरके तिवारी को अचानक हटाकर डीएस मिश्रा की तैनाती किया जाना तथा मुकुल गोयल की डीजीपी पद से विदाई इसी रस्साकशी का नतीजा बताया जाता है। संगठन की तरफ से भेजे गए मुख्यमंत्री के ओएसडी अभिषेक कौशिक को भी पिछले दिनों हटा दिया गया है। कहा जा रहा है कि सुनील बंसल के खास अधिकारियों को या तो किनारे लगा दिया गया है या वे केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जाने की तैयारी में हैं। कुल मिलाकर सत्ता के गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि जल्द ही भाजपा की राज्य इकाई को नया महामंत्री संगठन मिल रहा है।
यह भी पढें : महिलाओं का गिरोह दर्ज करा रहा दुष्कर्म का केस
महत्वपूर्ण सूचना
जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।
https://www.facebook.com/YOGA-DAY-GONDA-104340082292555
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
www.hindustandailynews.com
