Wednesday, February 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News:प्रधानों की जांच कराएगी योगी सरकार, फंसे तो चुनाव लड़ने में...

UP News:प्रधानों की जांच कराएगी योगी सरकार, फंसे तो चुनाव लड़ने में होगी दिक्कत

प्रादेशिक डेस्क

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस समय पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। 25 दिसंबर की रात से प्रदेश में 58 हजार से भी ज्यादा ग्राम पंचायतों का कार्यकाल खत्म हो चुका है। ऐसे में अब चुनाव की तारीखों का इंतजार है, हालांकि वोटर लिस्ट, आरक्षण सूची और परिसीमन का काम अंतिम चरण में चल रहा है। ऐसे में संभावना है जनवरी के अंतिम सप्ताह या फरवरी के प्रथम सप्ताह में चुनाव की अधिसूचना जारी हो जाए। इस बीच सरकार के एक आदेश से 25 दिसंबर को अपना कार्यकाल पूरा कर चुके ग्राम प्रधान सांसत में हैं। दसअसल ग्राम प्रधानों ने अपने कार्यकाल में सरकारी पैसे को कहां-कहां और कितना इस्तेमाल किया है इसकी जांच शुरू होने वाली है। अगर इसमें गड़बड़ी पाई गई तो कई मौजूदा ग्राम प्रधानों के इस बार चुनाव लड़ने पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।
जिला पंचायत अधिकारी टीम बनाकर जांच करेंगे कि प्रधानों ने अपने कार्यकाल में सरकारी पैसे को कहां-कहां और कितना इस्तेमाल किया। ग्राम प्रधानों के कार्यकाल के दौरान कितनी धनराशि आवंटित की गई है और कितनी धनराशि निकालकर उनसे कितना विकास कार्य कराया गया है। इसकी भी जांच होगी। मुख्यालय से आदेश आया है कि भौतिक सत्यापन रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित तत्कालीन ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई भी की जाए। प्रदेश में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 25 दिसंबर को समाप्त होने के बाद से अब पंचायत चुनाव तक ग्राम सभा का कार्यभार एडीओ के पास है। इस बार ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के चुनाव एक साथ कराए जाएंगे। प्रदेश में शनिवार से ग्राम पंचायत का काम सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) को सौंपा गया है। अब यही अधिकारी ग्राम पंचायत के विकास के लिए काम करेंगे। इसके साथ ही लोगों की समस्याओं का निवारण भी करेंगे। चार चरण में हो सकते हैं चुनाव :प्रदेश का पंचायती राज विभाग 28 जनवरी से पांच फरवरी के बीच चुनाव के संबंध में संभावित कार्यक्रम देने पर विचार कर रहा है। इसके बाद आयोग अपने हिसाब से पंचायत चुनाव के लिए अधिसूचना जारी करेगा। राज्य सरकार की मंशा 31 मार्च तक चुनाव कराते हुए पंचायतों का गठन कराने की है, जिससे अप्रैल में होने वाली बोर्ड की परीक्षाओं पर किसी तरह का कोई असर न पड़े।

यह भी पढ़ें : जानिए देश के किस खिलाड़ी ने की इस वर्ष सर्वाधिक कमाई

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular