प्रादेशिक डेस्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बैंडबाजे के साथ बरात लेकर पहुंचे दूल्हे को बिना दुल्हन लौटना पड़ा। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पर शराब पीकर हंगामा और द्वार पूजा के बाद अचानक दहेज की मांग का आरोप लगाया है। वहीं, दुल्हन के शादी से इन्कार करने पर दूल्हा थाने जा पहुंचा। दूल्हे ने थाने में दी तहरीर…भूल गया मंगलसूत्र तो दुल्हन ने किया शादी से इन्कार। घंटों चले विवाद के बाद दोनों पक्ष अपना-अपना सामान वापस लेने में सहमत हुए और शादी टूट गई।
मामला टिकैत नगर थानाक्षेत्र का है। यहां की निवासी युवती के साथ शादी करने बदोसराय से युवक बरात लेकर मंगलवार देर रात पहुंचा। द्वारपूजा की रस्म के बाद वधू पक्ष ने तिलक चढ़ाने की रस्म पूरी की। दुल्हन के चाचा का आरोप है कि द्वारपूजा के समय दूल्हा शराब के नशे में धुत था। इसके बाद वह कार से गांव के बाहर चला गया। यहां से दुल्हन के मोबाइल पर फोन करके धमकी दिया कि तिलक पर तुम्हारे पिता ने डेढ़ लाख रुपये का दहेज नहीं दिया है। शादी के बाद सबक सिखाएंगे। दुल्हन ने यह बात परिवारजन को बताई। इसपर दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के पिता से शिकायत का प्रयास किया। इस दौरान वह भी नशे में धुत मिले। उधर, दुल्हन ने शादी करने से इन्कार कर दिया। काफी देर तक मनाने के बाद भी दुल्हन पक्ष के लोग नहीं माने तो दूल्हा थाने पर पहुंच गया। दूल्हे ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मंगलसूत्र न लाने के कारण दुल्हन ने शादी से मना कर दिया है। शिकायत पर एसआइ जवाहर पाल ने मामले की जांच की। दुल्हन पक्ष के बयान लिए गए। दूल्हे व दुल्हन पक्ष के लोग थाने में एकत्रित हुए। यहां दोनों पक्षों में समझौता कराया गया और दोनों पक्ष अपने घर को चले गए। कोतवाल नारद मुनि सिंह का कहना है कि आपसी विवाद के चलते शादी नहीं हो सकी, दोनों पक्षों ने अपना-अपना सामान वापस लेकर सुलह कर लिया है।
यह भी पढें : डीजल व पेट्रोल लेना है, तो मास्क लगाकर आएं पेट्रोल पम्प

